भारत ने 6 पदक के साथ ओलम्पिक का किया समापन,मनु और श्रीजेश होंगे भारत की ओर से ध्वज वाहक

नई दिल्ली। पेरिस ओलंपिक 2024 में दोहरा पदक जीतने वाली महिला निशानेबाज मनु भाकर और भारतीय पुरुष हॉकी टीम के अनुभवी गोलकीपर पीआर श्रीजेश भारतीय ध्वजवाहक के तौर पर पेरिस ओलंपिक के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। करीब दो सप्ताह से अधिक समय तक चलने वाले खेलों का महाकुंभ अब ऑफिसियली रूप से समाप्त चुका है। इन खेलों का अगला पड़ाव 2028 में अमेरिका के लॉस एंजिलिस में खेला जायेगा। मनु और श्रीजेश ने समापन समारोह से पहले अपनी एक फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। मनु ने पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीते थे और वह एक ही ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली आजाद भारत की पहली एथलीट बन गई। वहीं, पीआर श्रीजेश पेरिस खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम का एक अहम हिस्सा थे। श्रीजेश ने ओलंपिक के बाद अंतरराष्ट्रीय हॉकी से संन्यास की घोषणा कर दी है। श्रीजेश टोक्यो ओलंपिक में भी शामिल थे और उस वक्त भी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया था।

आपको बतादें कि भारत ने पहला पदक 28 जुलाई को महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में जीता था। स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने तीसरे स्थान पर रहकर कांस्य पदक अपने नाम किया था। उसके बाद अगला पदक 30 जुलाई को 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित स्पर्धा में मनु भाकर ने सरबजोत सिंह के साथ मिलकर कांस्य जीता। इस ओलंपिक में यह भारत का दूसरा पदक था। भारत को तीसरा पदक स्वप्निल कुसाले ने दिलाया। उन्होंने पुरुषों की 50 मीटर राइफल की थ्री पोजिशन में एक अगस्त को कांस्य पदक जीता। स्वप्निल महिला या पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन में ओलंपिक मेडल जीतने वाले पहले भारतीय हैं।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम से पेरिस ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने की काफी उम्मीद थी, स्वर्ण तो नहीं आया, लेकिन भारतीय टीम कांस्य पदक को बरकरार रखने में कामयाब रही है। भारत ने टोक्यो 2020 में 41 साल का पदक का सूखा समाप्त किया था और मनप्रीत सिंह की अगुआई में कांस्य पदक जीता था। भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा ने 8 अगस्त को पेरिस ओलंपिक में 89.45 मीटर के अपने सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता था। भारत ने छठा पदक 9 अगस्त को जीता। पुरुषों की फ्रीस्टाइल कुश्ती में 57 किलोग्राम भारवर्ग में अमनसेहरावत ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इस तरह कुल मिलाकर 6 पदक के साथ ओलम्पिक खेल का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *