भारत-जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘धर्म गार्डियन’ के लिए भारतीय सेना की टुकड़ी रवाना

सलोनी तिवारी : भारतीय सेना की एक टुकड़ी भारत-जापान संयुक्त सैन्य अभ्यास धर्म गार्डियन के छठे संस्करण में भाग लेने के लिए रवाना हो गई है। यह सैन्य अभ्यास 24 फरवरी से 9 मार्च 2025 तक जापान के पूर्वी फ़ूजी युद्धाभ्यास प्रशिक्षण क्षेत्र में आयोजित होगा। धर्म गार्डियन एक वार्षिक सैन्य अभ्यास है, जो भारत और जापान में बारी-बारी से आयोजित किया जाता है। पिछले वर्ष (फरवरी-मार्च 2024) यह अभ्यास भारत के राजस्थान में हुआ था।

भारतीय और जापानी सेना की भागीदारी

इस अभ्यास में भारतीय सेना की मद्रास रेजिमेंट की एक बटालियन सहित 120 सैनिक शामिल होंगे। इनके साथ अन्य सैन्य टुकड़ियों और सैन्य सहायता इकाइयों के जवान भी रहेंगे। वहीं, जापान की ग्राउंड सेल्फ डिफेंस फोर्स (JGSDF) का प्रतिनिधित्व 34वीं इन्फैंट्री रेजिमेंट करेगी, जिसके 120 सैनिक इस अभ्यास में भाग लेंगे।

सैन्य अभ्यास का उद्देश्य

इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र के अधिदेश के तहत संयुक्त शहरी युद्ध और आतंकवाद विरोधी अभियानों को अंजाम देते हुए दोनों सेनाओं के बीच अंतर-संचालन को बढ़ाना है। इसके तहत संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास, शारीरिक फिटनेस और आपदा प्रतिक्रिया रणनीतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

भारत-जापान रक्षा सहयोग को मजबूती

अक्टूबर 2024 में सेना प्रमुख की जापान यात्रा के बाद इस अभ्यास का आयोजन द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के लिए किया जा रहा है। यह अभ्यास न केवल क्षेत्रीय सुरक्षा, शांति और स्थिरता को बढ़ावा देगा, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्वतंत्र, खुले और समावेशी दृष्टिकोण को भी सुदृढ़ करेगा।

भारत-जापान संबंधों को नई दिशा

धर्म गार्डियन सैन्य अभ्यास दोनों देशों के बीच रक्षा साझेदारी को गहरा करने के साथ-साथ आपसी मैत्री, विश्वास और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करेगा। यह अभ्यास सार्थक व्यावसायिक जुड़ाव और व्यापक रक्षा सहयोग के प्रति भारत और जापान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *