सलोनी तिवारी: आगरा: ताजमहल देखने आए पर्यटकों पर रविवार को मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे पर्यटक चीखने-चिल्लाने लगे और भगदड़ मच गई। आक्रामक मधुमक्खियों ने कई पर्यटकों और एएसआई कर्मचारियों को काट लिया। पर्यटकों ने भागकर अपनी जान बचाई। घायल पर्यटकों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।
बता दें कि ताजमहल परिसर में रॉयल गेट के साथ ही पेड़ों पर मधुमक्खियों ने छत्ता बना लिये हैं। रॉयल गेट पर मधुमक्खियों का एक छत्ता अचानक से नीचे गिर गया। जिससे मधुक्खियां उड़ने लगीं।
पर्यटकों में मची भगदड़: उस समय रॉयल गेट के पास बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटक मौजूद थे। तभी मधुमक्खियों के हमले से पर्यटकों में भगदड़ मच गई। मधुमक्खियों से बचने के लिए पर्यटक इधर-उधर भागने लगे। एक दिव्यांग पर्यटक और अन्य पर्यटक पर मधुमक्खी चिपक गईं। एएसआई के दो तीन कर्मचारी भी मधुमक्खियों के काटने और गिरने से चोटिल हो गए।