रोहित शेट्टी का शो खतरों का खिलाड़ी-14 लांच, जाने कहाँ हुई इसकी शूटिंग

नई दिल्ली– रोहित शेट्टी का स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ के 14वें सीजन का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। उनका इंतजार अब ख़त्म होने वाला है। रोहित शेट्टी का यह शो आज शनिवार से शुरू होने वाला है। एक बार फिर से प्रतिभागी अपने खतरनाक स्टंट से दर्शकों को हैरान करते दिखाई देंगे ।
लंबे अरसे से इस शो को रोहित शेट्टी होस्ट करते आ रहे हैं। इस बार भी होस्ट की कुर्सी पर वही अपना कब्जा कायम रखने वाले हैं। इस बार इस शो को कई मायनों में खास बनाया गया है। यह शो कितने बजे शुरू होगा और इसे कहां देखा जा सकता है, इस पर आज हम विस्तार से चर्चा करते हैं।
खतरों के खिलाड़ी 14′ का प्रीमियर आज कलर्स चैनल पर रात साढ़े नौ बजे होगा। यह शो हर शनिवार और रविवार रात साढ़े नौ बजे इसी चैनल पर प्रसारित किया जायेगा। इस बार शो की शूटिंग केपटाउन में न होकर रोमानिया में हुई है। आज कलर्स चैनल के इंस्टा हैंडल से साझा एक पोस्ट में खुद यह जानकारी दी गई है। पोस्ट में रोहित शेट्टी नजर आ रहे हैं। इसके साथ पोस्ट में रोहित शेट्टी चेतावनी देते नजर आए हैं। इसमें लिखा है,
‘खतरों के नए लेवल के लिए रहो तैयार, डर का नया पता-रोमानिया’।
जो लोग किसी वजह से इस शो को कलर्स पर नहीं देख पा रहे हैं, उनके लिए यह खुशखबरी है और वह ये है कि शो का प्रसारण ओटीटी प्लेटफार्म पर भी होगा। आजकल कोई फिल्म हो या शो दर्शकों का सवाल रहता है कि ओटीटी पर कहां आएगा? तो ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ का ओटीटी पता भी बता देते हैं। यह शो जियो सिनेमा पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि, इसे देखने के लिए आपको 29 रुपये का मासिक शुल्क भुगतान करना होगा।
इस बार रोहित शेट्टी के शो में 12 प्रतिभागी शो की ट्रॉफी पर दावा ठोकेंगे। बिग बॉस के भी कुछ प्रतिभागी इस स्टंट शो में नजर आने वाले हैं। शो में जैकी श्रॉफ की बेटी और टाइगर श्रॉफ की बहन कृष्णा श्रॉफ की भी एंट्री हो चुकी है। उनके अलावा इस शो में सुमोना चक्रवर्ती,,शालीन भनोट, आसिम रियाज, अदिति शर्मा, शिल्पा शिंदे, अभिषेक कुमार, आशीष मल्होत्रा, निमृत कौर अहलूवालिया, गशमीर महाजनी, नियती फतनानी और करण वीर मेहरा नजर आएंगे।
रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ वर्ष 2008 में शुरू हुआ था। पहले सीजन को अक्षय कुमार ने होस्ट किया था। दूसरा सीजन भी खिलाड़ी ने होस्ट किया, वहीं तीसरा सीजन प्रियंका चोपड़ा ने होस्ट किया। फिर चौथा सीजन 2011 में अक्षय कुमार ने ही होस्ट किया। पांचवा और छठा शो रोहित शेट्टी ने होस्ट किया और सातवां सीजन होस्ट करने अर्जुन कपूर आए। लेकिन, फिर आठवें सीजन के बाद से रोहित शेट्टी ही इस शो को होस्ट कर रहे हैं। बतौर होस्ट वे बेहद पसंद भी किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *