कांस्य पदक विनर मनु भाकर को पीएम ने फोन करके दी बधाई, नीता अम्बानी ने किया हौसला अफ़ज़ाई

नई दिल्ली-पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने कांस्य पदक जीता। इस उपलब्धि में पीएम मोदी ने उन्हें फोन कर बधाई दी। इसके बाद निशानेबाज ने भी उनकी शुभेच्छाओं के लिए आभार जताया।

प्रधानमंत्री ने फोन कर मनु को दी बधाई-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फोन कर मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। इससे पहले, प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट डाल मनु भाकर की उपलब्धि को सराहा था।

सुमित नागल बाहर-भारत के स्टार टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल पेरिस ओलंपिक से बाहर हो गए हैं। एकल में चुनौती पेश करने उतरे नागल फ्रांस के कोरेंटिन मोउटेट से ढाई घंटे तक चले मुकाबले में 6-2, 2-6, 5-7 से हार गए। इसके साथ ही टेनिस के एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गई है।

तैराकी में भारतीय चुनौती खत्म-
पेरिस ओलंपिक की तैराकी स्पर्धा में भारत की चुनौती रविवार को खत्म हो गई जब श्रीहरि नटराज और धिनिधि देसिंघु अपने अपने वर्ग के सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सके। नटराज 55 . 01 सेकंड की टाइमिंग के साथ 100 मीटर बैकस्ट्रोक में अपनी हीट में संयुक्त दूसरे स्थान पर रहे थे। ओवरआल तालिका में वह 33वें स्थान पर रहे । शीर्ष 16 तैराक ही सेमीफाइनल में पहुंचते हैं। नटराज का निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 53.77 सेकंड का है। पहली बार ओलंपिक में उतरी भारतीय दल की सबसे युवा सदस्य 14 वर्ष की देसिंघु 200 मीटर महिला फ्रीस्टाइल हीट में अव्वल रही। पहली हीट में उन्होंने 2 : 06.96 का समय निकाला लेकिन 30 प्रतियोगियों में वह 23वें स्थान पर रहीं।

इंडियम महिला तीरंदाजी टीम हारी– भारतीय महिला तीरंदाजी टीम क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नीदरलैंड के खिलाफ 6-0 से हार गई। अंकिता भकत, भजन कौर और दीपिका कुमारी की तिकड़ी को नीदरलैंड की क्विंटी रोएफेन, गैबी श्लोएसर और विंकेल वान डर की तिकड़ी ने 6-0 से हराया। पहले राउंड में नीदरलैंड ने 52 स्कोर किया, जबकि भारत 51 स्कोर बना सका। दूसरे राउंड में नीदरलैंड ने 54 स्कोर बनाया, जबकि भारत ने 49 स्कोर किया। तीसरे राउंड में भारत ने 48 स्कोर किया, जबकि नीदरलैंड की तिकड़ी ने 53 स्कोर किया। एक राउंड में दो सेट पॉइंट्स मिल रहे थे। इस तरह नीदरलैंड ने 6-0 से हरा दिया।

मनिका जीतीं,शरत बाहर-
पेरिस ओलंपिक में भारत के ध्वजवाहक रहे अचंता शरत कमल को उनके पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा। शरत कमल को टेबल टेनिस के पुरुष एकल के राउंड ऑफ 64 में स्लोवेनिया के कोजुल डेनी ने 4-2 से हराया। कोजुल ने 12-10, 9-11, 6-11, 7-11, 11-8, 10-12 से जीत हासिल की। यह मैच 53 मिनट तक चला। वहीं मनिका बत्रा ने टेबल टेनिस में महिला एकल के राउंड ऑफ 64 में जीत हासिल की। उन्होंने ब्रिटेन की एना हर्से को 4-1 से हराया। मनिका ने हर्से पर 11-8, 12-10, 11-9, 9-11 और 11-5 से जीत हासिल की।

नीता अंबानी ने दी बधाई-
आईओसी सदस्य नीता अंबानी ने निशानेबाज मनु भाकर के कांस्य पदक जीतने पर कहा- क्या अविश्वसनीय क्षण है! हमारी सबसे कम उम्र की महिला निशानेबाज ने पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक के साथ भारत का खाता खोला है। बधाई हो, मनु भाकर! ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल में जीतने वाली पहली भारतीय महिला और ऐसा करने वाली हमारी सबसे कम उम्र की भारतीय निशानेबाज के रूप में, आपने इतिहास रच दिया है। मुझे यकीन है कि आज आपकी सफलता भारत भर के युवा एथलीटों को बड़े सपने देखने और अपना सब कुछ झोंकने के लिए प्रेरित करेगी। भारतीय ध्वज को ऊंचा रखें। गो इंडिया गो, हम सभी को गौरवान्वित करें।

राष्ट्रपति ने मनु भाकर को दी बधाई– राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मनु भाकर को बधाई देते हुए कहा- पेरिस ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ भारत की पदक तालिका खोलने के लिए मनु भाकर को हार्दिक बधाई। वह शूटिंग प्रतियोगिता में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। भारत को मनु भाकर पर गर्व है। उनका यह कारनामा कई खिलाड़ियों, खासकर महिलाओं को प्रेरित करने वाला है। मैं कामना करती हूं कि वह भविष्य में उपलब्धियों की और अधिक ऊंचाइयां छूए।

निकहत प्री-क्वार्टर फाइनल में-
दो बार की विश्व चैंपियन निकहत जरीन ने रविवार को यहां जर्मनी की मैक्सी करीना क्लोएट्जर पर जीत के साथ महिलाओं के 50 किग्रा ओलंपिक के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। 28 साल की निकहत ने यहां नॉर्थ पेरिस एरेना में अंतिम 32 दौर के मुकाबले में जर्मनी की मुक्केबाज के खिलाफ 5-0 से जीत हासिल की। निकहत के सामने गुरुवार को खेल जाने वाले प्री-क्वार्टर फाइनल में एशियाई खेलों और मौजूदा फ्लाईवेट विश्व चैंपियन चीन की वू यू की चुनौती होगी। शीर्ष वरीयता प्राप्त वू यू को पहले दौर में बाई मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *